पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा के रामपुरघाट मार्ग पर एक रबड़ ग्रेडिंग इकाई में आगजनी से भारी क्षति हुई है। रविवार सुबह आग की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। शार्ट सर्किट से आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। आगजनी इतनी भयंकर थी कि दमकल विभाग की 2 टीमों को करीब साढ़े 5 घंटे आग पर काबू पाने में लगे। आगजनी की घटना से 8 लाख से अधिक की क्षति बताई जा रही है।
मिली जानकारी अनुसार अकबर अली की रामपुघाट के कुंजा मतरालियों में रबड़ ग्रेडिंग की इकाई है। सोमवार को सुबह मजदूरों ने इकाई से परिसर से धुआं उठते देखा। इसके बाद अग्निशमन केंद्र मालवा सूरजपुर, इकाई के मालिक व पुलिस थाना पांवटा में सूचना दे दी। भीषण आगजनी से इकाई में निर्मित कर रखा रबड़ का सामान, कच्ची सामग्री व मशीनरी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय ग्रामीण व इकाई के आसपास ही रहने वाले कामगार मौके पर पहुंचे। भीषण आग पर काबू पाने के नाकाम प्रयास करते रहे।
अग्निशमन टीम सूरजपुर केंद्र से लीडिंग फायरमैन रमेश दत्त, रमेश चंद, रतन सिंह, बलबीर सिंह, चरनजीत सिंह व चालक रामचंद्र व रामेश्वर दो दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे। आग इतनी भीषण तरीके से फैलने लगी थी कि टीम को करीब साढ़े 5 घंटे आग पर काबू करने में लगे। टीम ने काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाकर आगे फैलने से रोका। इससे पहले आग के फैलने से लाखों की क्षति हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
उधर, कार्यकारी फायर आफिसर पांवटा केंद्र रमेश दत्त ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अकबर अली की इकाई में आग की घटना हुई है। सोमवार को इकाई में हुई आगजनी से 8 लाख से अधिक क्षति बताई जा रही है। मौके पर दमकल के दो वाहन व टीमों ने आग को फैलने से रोक लिया।