धौलाकुआं (सिरमौर)। वन मंडल पांवटा के अंतर्गत टोका बीट के जंगल में रविवार दोपहर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी जिससे करीब 5 हेक्टेयर जंगल जलकर राख हो गया। हालांकि वन विभाग की टीम एवं ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया लेकिन आगजनी की घटना से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है।
कुंडियो पंचायत प्रधान सरवण सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर को जैसे ही उन्हें टोका बीट के जंगल में आग लगने का पता चला तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी जिस पर विभाग की टीम एवं स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया। करीब दो घंटे की मेहनत के बाद आग पर कंट्रोल कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आगजनी की इस घटना से जंगल में कई छोटे एवं कीमती पेड़ पौधे जलकर राख हो गए हैं। आगजनी से वन संपदा को नुकसान पहुंचा है।
इस मौके पर आग बुझाने वालों में वन समिति अध्यक्ष रफाकत अली, फोरेस्ट गार्ड, रजनीश, सुरजीत सिंह, मदन, अनिता ठाकुर, चौकीदार हरिचंद, पर्यावरण समिति अध्यक्ष भजन सिंह चौधरी सहित ग्रामीण रामपाल, वीरेंद्र, कर्मचंद व मदन लाल आदि कई मौजूद थे।