शिलाई (सिरमौर)। शिलाई क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में चार युवकों ने दो स्थानीय युवतियों के अपहरण का प्रयास किया। रविवार सुबह युवक लड़कियों को जबरन अपनी गाड़ी में डाल रहे थे लेकिन ऐन मौके पर लोगों को इसकी भनक लग गई। मौके पर पहुंची लोगों की भीड़ ने युवकों की ऐसी पिटाई की कि चारों बुरी तरह से जख्मी हो गए। चारों हरियाणा के बताए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस में मामला दर्ज नहीं हुआ है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिलाई के तहत आने वाले एक गांव में हरियाणा के चार युवकों ने दो स्थानीय युवतियों को जबरन गाड़ी में बिठाकर अगवा करने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों की तत्परता के चलते युवक वारदात को अंजाम देने में कामयाब नहीं हो सके।
विज्ञापन
लोगों ने चारों युवकों की जमकर धुनाई कर डाली। बताया जा रहा है कि दोनों युवतियां बस स्टैंड की ओर जा रही थीं। युवकों ने लड़कियों को जबरन गाड़ी में बिठाने की कोशिश की। लड़कियों ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने युवतियों को युवकों के चंगुल से तो छुड़ाया ही साथ में युवकों की धुनाई भी कर डाली। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला जैसे-तैसे शांत हुआ।
पंचायत प्रधान शिलाई देवेंद्र धीमान ने बताया कि यह घटना सुबह करीब पांच बजे हुई है। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचे लोगों ने युवतियों को छुड़ाया। उधर, शिलाई पुलिस थाना के प्रभारी दूलो राम ने बताया कि पुलिस में किसी ने शिकायत नहीं की है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर गई थी। चारों युवकों का मेडिकल करवाया गया है।