नाहन/ सतौन (सिरमौर)। पिछले करीब एक सप्ताह से सिरमौर जिले के सतौन इलाके में फैले डेंगू ने कहर बरपा दिया है। पांच और मरीज डेंगू की चपेट में आ गए हैं। इनमें से एक को नाहन मेडिकल कॉलेज में दाखिल किया गया है, जबकि कुछ मरीज देहरादून के निजी अस्पताल में दाखिल हैं।
उधर, डेंगू फैलने से स्वास्थ्य विभाग के हाथ-पांव फूल गए हैं। डेंगू बुखार की दस्तक के बाद विभाग अलर्ट हो गया है। विभिन्न इलाकों में कीट नाशक दवाइयों का छिड़काव करने के साथ ही लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
गिरिपार क्षेत्र के सतौन में डेंगू का सबसे अधिक कहर है। यहां लगभग आधा दर्जन लोग डेंगू की चपेट में आ गए हैं। डेंगू की दस्तक की वजह से लोगों में खौफ का माहौल है। सतौन पंचायत के प्रधान रजनीश चौहान ने बताया कि सतौन पंचायत में ही करीब पांच लोग इसकी चपेट में आए हैं। उधर, नाहन अस्पताल में भी शुक्रवार को एक मरीज के सैंपल पॉजीटिव पाए गए। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केके पराशर ने एक मरीज कॉलेज में दाखिल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एक मरीज के सैंपल पॉजीटिव पाए गए हैं। उसकी हालत में सुधार है। उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
-=--------
बॉक्स---
गांव-गांव चलेगा अभियान
राजपुर /पांवटा साहिब (सिरमौर)। सामुुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर के बीएमओ डॉ. संजय सहगल ने आशा वर्करों एवं स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्होंने शहर व गांव में सफाई व्यवस्था और डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से किए गए व्यापक प्रबंधों की समीक्षा की। सीएचसी राजपुर के अंतर्गत आने वाले सभी ग्रामीण क्षेत्रों एवं पांवटा शहर के सभी वार्डों, औद्योगिक क्षेत्रों, जोहड़, तालाबों आदि स्थानों पर दवाई का छिड़काव करने को कहा है।
---------
फॉगिंग स्प्रे के साथ हो रहा छिड़काव
राजपुर/पांवटा साहिब (सिरमौर)। स्वास्थ्य विभाग पहले फॉगिंग स्प्रे तथा दूसरा छिड़काव डेंगू मच्छर को मारने के लिए किया जा रहा है। टीम एवं आशा वर्कर से गांव-गांव से शहर कस्बे तक की सर्वे रिपोर्ट तैयार करने तथा गांव की महिलाओं, बच्चों, बुजुर्ग किसानों को स्वच्छता बारे जागरूक करने की सलाह दी। टीम पर्यवेक्षक बैसाखी राम ने बताया कि सतौन, गोंदपुर, भगानी, बड़वास आदि संभावित गांव में मच्छर मार दवाई का छिड़काव किया जा रहा है।