नाहन (सिरमौर)। शहर में मंगलवार की रात मोहल्ला गोविंदगढ़ स्थित एक डिस्पोजल स्टोर में अचानक आग लग गई। आग लगने से दुकानदार को हजारों रुपये का नुकसान हो गया। इस दौरान क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। आग लगने की सूचना दुकान मालिक हरीश कुमार चावला को रात करीब ढाई बजे मिली। इसके बाद वह आनन-फानन में दुकान की ओर भागे।
उधर दुकान में लाग लगने की सूचना किसी ने दमकल विभाग को भी कर दी थी। इसके चलते दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। जब तक दुकान के भीतर रखा कुछ सामान जलकर राख हो गया था। दुकान मालिक हरीश कुमार चावला ने बताया कि आग लगने से करीब 95 हजार का नुकसान हुआ है।
उधर दमकल विभाग नाहन कार्यालय के प्रभारी एसएन शर्मा ने बताया कि रात को जैसे ही उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना मिली। वह फौरन टीम के साथ दुकान में पहुंच गए तथा आग पर काबू पाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि दुकान के भीतर प्लास्टिक व गत्ता अधिक होने के कारण उन्हें आग पर काबू पाने में थोड़ी मुश्किल हुई क्योंकि इस सामान के कारण आग चारों और फैल गई थी जिस पर नियंत्रण पाना आसान नहीं था। बावजूद इसके आग पर काबू पाया गया।
उधर थाना प्रभारी नाहन तिलकराज ने बताया कि दुकान मालिक हरीश कुमार चावला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।