नाहन (सिरमौर)। शहर के हिंदू आश्रम के समीप रविवार को मदन डेयरी में रखे एक सिलेंडर में अचानक आग भड़क गई। सिलेंडर की आग को काबू करते वक्त डेयरी मालिक रवि कुमार भी झुलस गया जिसे अस्पताल में अपना उपचार करवाना पड़ा। हालांकि आग लगने के कारणों की अभी पता नहीं चल पाया है। सिलेंडर में कैसे आग भड़की, इसका पता लगाया जा रहा है। उधर, सिलेंडर में भड़की आग से साथ लगते दुकानदारों में अफरा तफरी मच गई। वहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ गई। गनीमत यह रही कि आग पर समय रहते काबू पाया गया। अन्यथा बड़ा हादसा होने पर करोड़ों रुपये की संपत्ति राख हो सकती थी।
\
अफरा-तफरी के बीच साथ लगते दुकानदारों ने अपनी दुकानें तुरंत बंद कर दी। इसके बाद आसपास के दुकानदारों ने तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। अग्निशमन विभाग की ओर से एसएफओ मेहर सिंह ठाकुर, प्रशामक मुखराम, चंदवीर, गृह रक्षा प्रशामक रघुवीर व चालक विकास मोहन तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुए। विभाग के कर्मचारियों ने फुर्ती दिखाते हुए सिलेंडर को दुकान से बाहर निकालकर आग पर काबू पाया। अग्निशमन विभाग ने दुकान का 20 हजार रुपये का नुकसान आंका है। दुकान में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय दुकानदारों व लोगों का भारी जमावड़ा लग गया।
उधर, एसएफओ मोहन मेहर सिंह ठाकुर ने बताया कि अग्निशमन व पुलिस विभाग के कर्मचारियों ने सिलेंडर में भड़की आग पर तुरंत काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि आग लगने से दुकान में रखे पेठा व अन्य सामान का नुकसान हुआ। आग से झुलसे रवि को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
बाक्स----------
समय रहते टला बड़ा हादसा
शहर के बीचोंबीच स्थित दुकान में लगी आग से एक बड़ा हादसा टल गया। सिलेंडर की आग पर तुरंत काबू न पाया जाता तो एक बड़े हादसे की संभावनाओं से भी इनकार नहीं किया जा सकता। इस दुकान के आसपास अन्य कई दुकानों व राह चलते लोगों को भी सिलेंडर की आग अपनी चपेट में ले सकती थी। बहरहाल, विभाग के कर्मचारियों ने समय रहते एक बड़े हादसे को टाल दिया।