नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन स्थित सुंदरबाग कॉलोनी में एक युवक ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना स्थल पर पुलिस ने एक सूसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसमें युवक ने निजी परेशानी को आत्महत्या की वजह लिखा है। युवक कालाअंब में पॉलीटेकभनीक की पढ़ाई कर रहा था। सूसाइड नोट में लिखा है कि वह जिंदगी से परेशान हो चुका है और परिवार की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को सुंदरबाग कॉलोनी के 22 वर्षीय अत्तर सिंह ने अपने घर के कमरे में फंदा लगा लिया। युवक को चुनरी पर झूलता हुआ देख परिजनों के होश फाख्ता हो गए। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी।
एसएचओ नाहन तिलक राज ने बताया कि पुलिस को सुबह सूचना मिली कि शहर के सुंदरबाग कॉलोनी में एक युवक अत्तर सिंह (22) निवासी शिलाई ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मौके पर सूसाइड नोट मिला है जिसमें युवक ने अपनी मौत की वजह के लिए निजी परेशानियां लिखा है। फिर भी पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है।
-----------------------