धारटीधार के आरक्षित वन क्षेत्र में खैर तस्करी का पर्दाफाश हुआ है। वन विभाग की टीम ने पलहोड़ी के रहने वाले गुलफान को मौके पर ही दबोचने में सफलता हासिल की है। जबकि, 6 तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे।
विभाग ने चंपत तस्करों के नाम और पतों की जानकारी जुटा ली है। वनरक्षक सुखचैन सिंह आधी रात को मौके पर पहुंचे, क्योंकि उन्हें अवैध कटान की भनक लग चुकी थी। पहुंचने से पहले ही खैर के दो पेड़ों पर कुल्हाड़ी चल चुकी थी। 20 मोछे तैयार कर लिए गए थे, जिन्हें ट्रक में लाद कर ले जाने की तैयारी थी। मौके पर एक बोलेरो भी खड़ी पाई गई। डीएफओ निशांत मंढोत्रा के मुताबिक रेणुका मंडल के अलावा जमटा की तालों बीट में भी खैर के पेड़ों के कटान की खबरें आ रही थीं। तब से ही विभाग पूरी मुस्तैदी से तस्करों पर नजर रखे हुए था। उधर, जमटा के रेंजर एनडी शर्मा ने बताया कि पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया गया है। मौके पर पहुंच कर पुलिस छानबीन कर रही है।