अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल उत्तराखंड सीमा पर फिर धड़ल्ले से चल रहे अवैध खनन पर हिमाचल और उत्तराखंड की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। यमुनाघाट पर अवैध खनन करते 4 ट्रैक्टर पकड़े गए हैं। जबकि छापेमारी की भनक लगते ही आधा दर्जन ट्रैक्टर और खननकारी भागने में सफल रहे। हिमाचल पुलिस ने अपने क्षेत्र में 3 ट्रैक्टरों को पकड़ा। इनको 55-55 सौ जुर्माना किया गया है। जबकि उत्तराखंड की विकासनगर पुलिस टीम ने भी छापेमारी में 1 ट्रैक्टर पकड़ा है जिसमें मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि विश्व भर में धार्मिक आस्था के रुप में चर्चित पांवटा गुरुद्वारा के समीप यमुनाघाट में पिछले कुछ दिनों से अवैध खनन दिनदिहाड़े चल रहा था। वीरवार को ‘अमर उजाला’ ने ‘यमुना में चल रहा खनन माफिया का बेलचा...’ शीर्षक से इस मामले को प्रमुखता से उठाया। इसके बाद दोनों राज्यों की सीमा पर स्थित स्थल पर शनिवार को संयुक्त कार्रवाई हुई।
हिमाचल के पांवटा डीएसपी प्रमोद चौहान, एसएचओ अशोक चौहान, खनन विभाग के इंस्पेक्टर मंगत राम समेत टीम ने उत्तराखंड के विकासनगर कुल्हाल पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, आरक्षी नितिन, सचिन व गजेंद्र ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। इस दौरान हिमाचल पुलिस ने अवैध खनन करते 3 ट्रैक्टर ट्रालियों को पकड़ा। जबकि, उत्तराखंड पुलिस ने एक ट्राली अवैध खनन करते अपने क्षेत्र में पकड़ी है।
उत्तराखंड के कुल्हाल चौकी प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि यमुना नदी में पांवटा गुरुद्वारा के पास अवैध खनन करते पकड़े चालक अशरफ पुत्र अब्दुल हुसैन निवासी धौलातप्पड़ के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एमवी एक्ट व अवैध खनन की अलग से रिपोर्ट एडीएम विकासनगर को भेज दी है।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा कि शनिवार को अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की गई। यमुनाघाट के पास अवैध खनन करते पकड़े 3 ट्रैक्टरों के संचालकों से 55-55 सौ राशि जुर्माना किया गया है।