कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में ट्रक ऑपरेटरों और उद्योगपतियों के बीच रोजगार के मुद्दे को लेकर चल रहा विवाद शांत नहीं हुआ है। ऑपरेटर अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। हालांकि, शनिवार को कालाअंब में माहौल शांतिपूर्ण रहा। जबकि ऑपरेटरों पर एफआईआर दर्ज होने से ऑपरेटर खफा हैं। ऑपरेटरों का कहना है कि उनके खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाए गए हैं। उधर, उद्योगों में 70 फीसदी हिमाचलियों को रोजगार देने के नियम की धज्जियां उड़ रही हैं लेकिन प्रशासन कोई कदम नहीं उठा रहा।
गौरतलब है कि कालाअंब में ट्रकों को ढुलाई देने को लेकर स्थानीय ऑपरेटरों और उद्योगपतियों में ठन गई है। दोनों पक्षों में प्रशासन की मध्यस्थता में हुई बैठक बेनजीता रही है। स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं देने पर ऑपरेटरों ने संघर्ष का रास्ता अपनाया है।
ट्रक यूनियन के प्रधान संजीव राणा ने बताया कि उद्योगों में रोजगार पाने के लिए वह शांतिपूर्ण तरीके से लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्हें जिला प्रशासन से न्याय की पूरी उम्मीद है। प्रशासन उन्हें रोजग़ार दिलाने में मदद करेगा। संजीव ने बताया कि उन्होंने किसी को कोई धमकी नहीं दी फिर भी ऑपरेटरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
उधर, एसएचओ कालाअंब योगेंद्र सिंह ने बताया कि स्थिति शांतिपूर्ण है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। एहतियात के तौर पर इलाके में जवान तैनात किए गए हैं। उधर, स्थानीय विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने भी दोनों पक्षों में चल रहे विवाद को खत्म करने की प्रशासन से मांग की है। इस संदर्भ में बाकायदा उपायुक्त बीसी बडालिया को उन्होंने पत्र लिखा है।