पांवटा साहिब (सिरमौर)। 17 जुलाई को शराब की खेप के साथ पकड़ा गया हरियाणा के पानीपत का युवक हत्या का आरोपी निकला। उड़ीसा के बरगड़ थाने में उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज है। अदालत में पेश नहीं होने पर उसे उद्घोषित अपराधी भी घोषित किया गया है। अब आरोपी को उड़ीसा पुलिस को सौंपा जाएगा। पांवटा पुलिस ने इसके बारे में उड़ीसा पुलिस से संपर्क किया है।
पांवटा पुलिस टीम ने 17 जुलाई 2018 को आरोपी उपेंद्र कुमार पुत्र ओम प्रकाश निवासी पानीपत हरियाणा के खिलाफ पांवटा में आबकारी एवं कराधान अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। उससे आठ पेटी शराब बरामद की गई थीं। उस दौरान आरोपी ने अपना नाम गलत बताया था लेकिन, पुलिस पूछताछ में उसने अपना सही नाम बताने के साथ ही हत्या के आरोप में गिरफ्तार होने की भी बात कबूल की है। आरोपी 23 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर चल रहा है। पुलिस रिमांड के दौरान एसएचओ पांवटा अशोक चौहान ने आरोपी से गहन पूछताछ की है। इस दौरान आरोपी ने सितंबर 2014 में उड़ीसा में हत्या करने के आरोप को भी कबूल कर लिया है। उपेंद्र कुमार के खिलाफ 11 सितंबर 2014 को उड़ीसा के जिला और थाना बरगड़ में एफआईआर संख्या 526/14 में आईपीसी की धारा-302 व 34 के तहत मामला दर्ज हुआ है। इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी हुई थी। लेकिन, बाद में कोर्ट में पेश नहीं होने पर उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया गया। अब, पांवटा पुलिस ने हत्या आरोपी की गिरफ्तारी के बारे में उड़ीसा की बरगड़ (उड़ीसा) पुलिस को भी सूचित कर दिया है। डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा कि पांवटा पुलिस ने आरोपी को शराब के साथ दबोचा था। आरोपी के खिलाफ उड़ीसा राज्य के बरगड़ थाने में हत्या का मामला दर्ज है। इसमें आरोपी को भगोड़ा घोषित किया गया है। आरोपी को 23 जुलाई तक का पुलिस रिमांड मिला है। इसके बारे में उड़ीसा राज्य पुलिस को सूचित कर दिया है।