पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून-पांवटा-कालाअंब एनएच-7 पर एक कार पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में मौके पर ही 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रुप से घायल हो गए। सभी घायलों को सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही माजरा पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है। बताया जा रहा है कि गाड़ी का स्टेरिंग लॉक हो जाने के कारण यह हादसा हुआ। ये सभी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी 5 लोग मारुति कार से पांवटा क्षेत्र में पहुंचे। इस दौरान एनएच-7 पर क्यारदा के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में उत्तर प्रदेश के आलमपुर निवासी नफीस अख्तर (52) पुत्र अब्दुल सतार तथा सहारनपुर निवासी बहार अहमद(44) पुत्र मोहम्मद हसन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हो गए।
सड़क हादसे में गंभीर रुप से घायलों में सहारनपुर निवासी जहीर अमहद (40) पुत्र जिंदा हसन, शमशाद अली (25) निवासी सहारनपुर व अब्दुल खालिद (80) पुत्र खालिलऊर हसन निवासी आलमपुर को सिविल अस्पताल पांवटा में पहुंचाया गया। सिविल अस्पताल पांवटा प्रभारी डॉ. संजीव सहगल ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नाहन रेफर कर दिया गया है, लेकिन घायलों के परिजन सभी को देहरादून अस्पताल ले गए हैं।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने हादसे की पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि एनएच-7 पर क्यारदा के पास सड़क हादसा हुआ है। इसमें सहारनपुर निवासी 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 3 लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही माजरा पुलिस चौकी टीम मौके पर पहुंच गई है। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।