पांवटा साहिब (सिरमौर)। ग्राम पंचायत कुंडियों के अजीवाला गांव में एक विवाहिता ने फंदे से झूल कर आत्महत्या कर ली। फंदे में लटकी देख कर परिजनों ने उसे नीचे उतारा। परिजनों, ग्रामीणों और पुलिस ने महिला को सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। माजरा पुलिस थाना प्रभारी की टीम मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार कुंडियों पंचायत के अजीवाला निवासी कश्मीरी लाल की पत्नी सरोज देवी (33) को परिजनों ने कच्ची रसोई में फंदे से लटके देखा। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस थाना माजरा को भी सूचित कर दिया गया। महिला को सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया गया। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महिला अपने पीछे पति, दो बेटे और एक बेटी छोड़ गई है। महिला के ससुराल और मायके पक्ष के बयान कलमबद्ध कर लिए हैं। जांच टीम को सरोज के घर से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरुआती जांच में ग्रामीणों से जांच टीम को पता चला है कि घर पर कोई पारिवारिक कलह भी नहीं था। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने मामले की पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि माजरा पुलिस थाना प्रभारी एमएस चौहान मामले की जांच कर रहे है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।