अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पांवटा के भूपपुर में कथित तौर पर नशे में दो साधुओं की लोगों ने जमकर धुनाई कर डाली। आरोप है कि दोनों लोगों से पैसे मांग रहे थे। जब लोग पैसे देते तो वो खुद ही पर्स से बड़े नोट छीन रहे थे। आरोपियों की इस हरकत से आक्रोशित दर्जनों लोगों ने पकड़ लिया और धुनाई कर दी।
देहरादून-पांवटा-कालाअंब एनएच- 7 मार्ग पर भूपपुर में दो लोग साधुओं का वेश बना कर घूम रहे थे। आसपास के दर्जनों लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय निवासी युवक ने कहा कि साधु का वेश धारण कर दो लोग उनके पास पहुंचे। वे नशे में धुत्त थे। इनमें से एक ने पैसे मांगे। जैसे ही युवक ने पर्स निकाल कर 20 का नोट साधुओं की तरफ बढ़ा दिया। अचानक एक साधु ने युवक के पर्स से 500 का नोट खींच लिया। इससे युवक आक्रोश में आ गया।
उसने भागे साधु का पीछा किया। एनएच पर इससे थोड़ी दूर पर कुछ लोगों ने दूसरे साधु को भी पकड़ लिया। इस पर आरोप है कि एक युवक से पैसे मांगने के दौरान हाथ से 2000 का नोट छीन कर उसने अपने मुंह में ठूंस लिया। नोट वापस करने की बात कहने पर उल्टे युवक को चले जाने को कहने लगा। दोनो को नशे में धुत देखकर लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने दोनों साधुओं को जमकर पिटाई हुई।
किसी तरह से अपने आप को बचा कर नशेड़ी ढोंगी मौके से भाग निकाला। कुछ युवाओं ने नशेड़ी बाबाओं की पिटाई की वीडियो सोशल मीडिया में अपलोड कर दी। साथ ही इनकी करतूत और कही दिखने पर खदेड़ने की भी अपील की गई है।