अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
ग्राम पंचायत पुरूवाला निवासी एक 20 वर्षीय युवक ने पुलिस की प्रताड़ना के डर से खुद को ही चाकू से गोद डाला। पुलिस टीम एक युवती के लापता होने के मामले में शक के आधार पर पुरूवाला निवासी शकील रहमान से पूछताछ को उसके घर आई थी।
घटना में बुरी तरह से घायल युवक को सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया गया जहां उसे प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया लेकिन परिजन घायल को यमुनानगर हरियाणा के एक अस्पताल में ले गए।
जानकारी के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पास के ही एक गांव की युवती बीती 11 नवंबर से लापता है। इस मामले में युवती के परिजनों ने युवक के खिलाफ माजरा पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस टीम बुधवार को पूछताछ के लिए युवक के घर पहुंची थी। इस दौरान पुलिस घर के बाहर पहरा देकर युवक के बाहर आने का इंतजार कर रही थी। घर के भीतर पुलिस प्रताड़ना के डर से घबराए युवक ने अपने पेट पर चाकू से पांच वार कर खुद को लहूलुहान कर लिया।
इसके बाद पुलिस युवक से पूछताछ करने घर पहुंची थी। सिविल अस्पताल पांवटा के एसएमओ डॉ. कमाल पाशा ने बताया कि युवक के पेट पर 5 गहरे जख्म हैं।
बाक्स--
परिजनों ने पुलिस पर लगाए यातनाएं देने के आरोप
घायल युवक के परिजनों ने मारपीट के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि बीते मंगलवार को भी पूछताछ के दौरान युवक की पुलिस ने पिटाई कर दी थी। यातनाएं देने के बाद रात को पुलिस ने युवक को घर छोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि बुधवार को फिर से पुलिस घर आने पर युवक बेहद घबरा गया। इसके बाद खुद पर ही चाकू से वार करके लहूलुहान कर दिया।
आरोप बेबुनियाद : डीएसपी
डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा कि आरोपी युवक के परिजनों के सभी आरोप बेबुनियाद हैं। लड़की के पिता की शिकायत पर आरोपी शकील रहमान के खिलाफ आईपीसी की धारा-363 व 366 के तहत मामला दर्ज हुआ है। लड़की के परिजनों को आशंका है कि लड़की की हत्या कर दी गई है। इस मामले में आरोपी शकील से मंगलवार को केवल पूछताछ की गई थी। बुधवार को भी पुलिस जांच टीम घर पूछताछ करने भेज दी गई थी लेकिन आरोपी युवक ने खुद को ही चाकू मार कर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी युवक की कॉल डिटेल्स निकाली है। लापता होने वाले दिन तक आरोपी युवक के साथ लड़की से निरंतर मोबाइल पर बात होती रही है। कॉल डिटेल्स से खुलासा होने पर ही पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही थी।