कालाअंब (सिरमौर)। कालाअंब क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने दो युवकों को टक्कर मारकर बुरी तरह से घायल कर दिया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार कार ने पैदल चल रहे युवकों मुकेश और सिद्धांत को तारपीन उद्योग के समीप पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में सिद्धांत के सिर पर गहरी चोट लगी हैं। मुकेश को रीढ़ की हड्डी में चोट लगी है। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस की ईएमटी पम्मी और चालक राकेश मौके पर पहुंचे। दोनों युवकों को एंबुलेंस में प्राथमिक उपचार देने के बाद कालाअंब के ही एक निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। यहां से उन्हें डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कालेज नाहन रेफर किया गया है।
ईएमटी पम्मी और चालक राकेश ने बताया कि हादसा सवा चार बजे के करीब तारपीन फैक्टरी के समीप पेश आया। उन्होंने बताया कि दोनों युवक उत्तर प्रदेश के हैं। वे कालाअंब के उद्योगों में मजदूरी करते हैं। कालाअंब पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।