अमर उजाला ब्यूरो
भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना के तहत दलोली गांव की एक युवती ने जहरीली दवा पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की है। समय पर परिजनों द्वारा युवती का उपचार किए जाने से उसकी जान बच गई है। जिला अस्पताल में युवती का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, मामले की जांच चल रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब तीन बजे घुमारवीं थाना को सूचना मिली कि दलोली गांव की एक युवती ने अज्ञात दवाई पीकर अपनी जान देने की कोशिश की है। युवती को इलाज के लिए पहले सीएचसी घुमारवीं लाया गया, वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल बिलासपुर रेफर कर दिया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना का पता चलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी बिलासपुर अशोक कुमार ने कहा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर क्यों जान देने की कोशिश की है।
-----------------------