पांवटा साहिब (सिरमौर)। उपमंडल पांवटा की पंचायत कोलर में 24 जून को हुई विवाहिता की हत्या मामले में पुलिस ने तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अभी तक आठ लोगों की गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
रविवार को पुलिस ने सभी 8 आरोपियों को एक बार फिर अदालत में पेश किया। जहां से सभी को 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। बता दें कि पुलिस ने मामले में पहले पांच गिरफ्तारियां की थी। इसके बाद मामले में छानबीन तेज करते हुए पुलिस ने तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में मृतक महिला के परिजनों के अलावा रिश्तेदार शामिल हैं, जिन्होंने वारदात को अंजाम देने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 201 व 34 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोप है कि 24 जून को पांवटा उपमंडल की ग्राम पंचायत कोलर में एक विवाहिता को पहले उसके परिजनों ने अगवा किया और इसके बाद रातोंरात उसकी निर्मम हत्या करने के बाद शव को जला दिया गया।
मामले की पुष्टि एसपी सिरमौर ने की है। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच चल रही है। उन्होंने बताया कि रविवार को गिरफ्तार किए सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 3 दिन की पुलिस रिमांड भेज दिया गया है।