भीड़ के हत्थे चढ़े चेन स्नैचर, जमकर की धुनाई
झपटमारों ने दिनदहाड़े मुंह पर रुमाल बांधकर शिक्षिका का पर्स छीना
पुलिस ने किया गिरफ्तार, पांवटा के आसपास क्षेत्र के निकले दोनों आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा शहर में दिनदहाड़े महिलाओं के गले से चेन उड़ाने वाले स्नैचर गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक शिक्षिका का पर्स छीनते समय भीड़ ने दोनों आरोपियों को दबोचकर जमकर धुनाई की। हालांकि, बाद में भीड़ ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक पांवटा नगर परिषद कमेटी के वार्ड-3 आदर्श कॉलोनी निवासी सुरेखा चौहान शनिवार को करीब 12 बजे गैस बुक करवाने पांवटा एजेंसी गई थी। सुरेखा चौहान भूपपुर स्कूल में मुख्य शिक्षिका तैनात हैं। अवकाश होने पर शनिवार को दूसरी शिक्षिका कविता शर्मा के साथ पांवटा पहुंची। स्कूटी को बैंक की शाखा की तरफ पार्क कर दोनों एजेंसी में गैस बुक करवाकर वापस लौट रही थीं। इसी बीच मुंह पर रुमाल बांधे एक युवक बाइक पर कुछ दूरी पर खड़ा हो गया। दूसरा बाइक से उतरकर सुरेखा चौहान से पूछने लगा कि यह एटीएम चल रहा है क्या? इतना कहते ही वह शिक्षिका का पर्स छीनने लगा। अचानक हुई झपटमारी के बावजूद शिक्षिका ने हिम्मत दिखाई। शिक्षिका ने काफी देर तक पर्स नहीं छोड़ा। दूसरी शिक्षिका ने भी झपटमार को मुक्के मारने शुरू कर दिए। इसके बाद शिक्षिकाओं ने शोर मचा दिया। युवक बाइक पर सवार होकर बैंक के साथ लगती गली में भाग खड़े हुए। कुछ युवाओं ने दोपहिया वाहन पर उनका पीछा करना शुरू कर दिया और दोनों को दबोच लिया। मौके पर पहुंचे लोगों ने उनकी जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि शिक्षिका के पर्स में हजारों की नकदी, मोबाइल व दस्तावेज थे। पुुलिस टीम की शुरुआती जांच में झपटमारों की पहचान वीरेंद्र सिंह उर्फ गोलू पुत्र केदार सिंह निवासी पांवटा साहिब वार्ड-7 और सुरेश कुमार उर्फ आशु पुत्र रमेश कुमार निवासी बरोटीवाला शिवपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि शिक्षिका सुरेखा चौहान की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पर्स भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस टीम जांच कर रही है।