मालखाने में जमा करवाएं बंदूकें और विस्फोटक सामग्री
नाहन (सिरमौर)। आगामी विधानसभा निर्वाचन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला दंडाधिकारी सिरमौर बीसी बडालिया ने हथियार एवं अन्य विस्फोटक सामग्री को जमा कराने के आदेश जारी किए हैं। अधिसूचना के अनुसार सभी हथियार धारकों को निर्देश दिए गए हैं कि अपनी बंदूकें विस्फोटक सामग्री सहित अपने निकटतम पुलिस थाना अथवा मालखाना में जमा करवाएं।
हथियार जमा करने पर संबंधित अधिकारी अथवा कर्मचारी से रसीद अवश्य लें। जिला दंडाधिकारी ने कहा कि जिला में कुल 9784 बंदूकधारक हैं, जिन्हें प्रशासन द्वारा लाइसेंस जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि अभी तक कुछ ही बंदूक धारकों ने अपने हथियार जमा करवाए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी हथियार धारक 15 दिन के भीतर अपनी बंदूकें जमा करवा दें। इसके बाद संबधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है।
-------------