पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब-भंगानी सड़क पर शुभखेड़ा के समीप बाइक पर सवार दो नकाबपोश एक महिला के गले से मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए हैं। दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि एक निजी स्कूल से वापस लौटते समय महिला से रास्ता पूछने के बहाने नकाबपोश दो बाइक सवारों ने वारदात को अंजाम दिया। नकाबपोशों ने तेजी से महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस की टीम आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
जानकारी के मुताबिक वीरवार को तारुवाला की दुर्गा कॉलोनी निवासी महिला श्यामा देवी पत्नी राजिंद्र शर्मा शुभखेड़ा स्थित निजी स्कूल में बच्चों के कार्य से गई थीं। इस बीच वह नहर के समीप तारुवाला की ओर मुड़ने लगी। महिला का कहना है कि इस दौरान पांवटा राजकीय कॉलेज की तरफ से बाइक सवार नकाबपोश दो युवक उसके समीप पहुंचे। इस दौरान दोनों ने रास्ता पूछने के बहाने उसे रुकने को कहा। महिला के थोड़ा रुकते ही बाइक सवार एक नकाबपोश ने तेजी से महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र उड़ा लिया। इसके बाद महिला को धक्का देकर तीव्र गति से सूर्या कॉलोनी की तरफ भाग खड़े हुए। महिला ने बताया कि उसे कुछ देर तक चक्कर आया, फिर किसी तरह से उसने खुद को संभाला। महिला ने घर में पूरी बात बताई। इसके बाद परिजनों को पूरी बात का पता चला तो पांवटा थाना में रिपोर्ट दर्ज करवा दी। इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। उधर, डीएसपी पांवटा सोमदत्त ने कहा कि महिला की लिखित शिकायत मिली है। इसके बाद पांवटा थाना पुलिस टीम मामले की तहकीकात में जुटी है। आसपास शॉपिंग कांपलेक्स के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।