अमर उजाला ब्यूरो
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक नगरी कालाअंब के साथ लगते कंडईवाला इलाके में आबकारी एवं कराधान विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। कंडईवाला के साथ लगते ढाकरा गांव में विभाग के अधिकारियों ने दबिश देकर शराब की 16 पेटियां बरामद की हैं। विभाग ने मामले को कालाअंब पुलिस को सौंप दिया है। कालाअंब पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक विभाग ने वीरवार की रात कार्रवाई को अंजाम दिया। सूचना के बाद स्टेट टैक्स एवं एक्साइज विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान ढाकरा गांव के साथ खेतों की जांच की गई। छानबीन के दौरान अधिकारियों को खेत के एक हिस्से में शराब की खेप झाड़ियों के नीचे बरामद हुई। इसके बाद भी अधिकारी खेत को खंगालते रहे। एक जगह शराब मिलने के बाद अधिकारियों की नजर खेत में ही दूसरी जगह छिपाई शराब पर पड़ी। मामला यहीं नहीं थमा। तीसरी जगह भी टीम सदस्यों ने शराब की खेप को बरामद किया। तीनों जगह से शराब की कुल 192 बोतलें बरामद हुईं। शराब को पेटियों और प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर झाड़ियों के नीचे रखा गया था। कार्रवाई के दौरान टीम में शामिल स्टेट टैक्स एंड एक्साइज विभाग के सहायक कमीशनर प्रेम सिंह कायथ के साथ भूपेंद्र सिंह और जय सिंह भी शामिल रहे।
मामले की पुष्टि विभाग के सहायक कमीशनर प्रेम सिंह कायथ ने की है। उन्होंने बताया कि खेतों में झाड़ियों के नीचे शराब को छिपाकर रखा गया था। गुप्त सूचना के आधार पर विभाग ने गांव में दबिश दी। इस दौरान विभाग की टीम को देसी शराब की कुल 192 बोतलें विभिन्न स्थानों पर बरामद हुईं। उन्होंने बताया कि मामला कालाअंब पुलिस के सुपुर्द किया गया है। इस मामले में आगामी कार्रवाई कालाअंब पुलिस कर रही है।