अमर उजाला ब्यूरो
शिलाई (सिरमौर)। शिलाई-बालीकोटी मार्ग पर शुक्रवार रात को एक 800-मारुति कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 से घायलों को शिलाई अस्पताल उपचार के लिए लाया गया, जहां से चालक को चंडीगढ़ रेफर कर दिया है।
बताया जा रहा है कि बालीकोटी से किसी सवारी को लेकर यह मारुति कार कांडी गांव गई थी। वापस आते वक्त कंडारा के निकट मारुति कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस सड़क हादसे में चालक रामभज और सचिन निवासी बाली गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
ग्रामीणों ने तुरंत 108 को काल कर उन्हें उपचार के लिए शिलाई अस्पताल पहुंचाया। चालक रामभज को भारी चोटें होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है। शिलाई अस्पताल के प्रभारी डॉ. पीके तिवारी ने बताया कि दूसरे घायल सचिन का शिलाई में उपचार चल रहा है।
----------