अमर उजाला ब्यूरो
कालाअंब (सिरमौर)। कालाअंब पुलिस ने छापामारी के दौरान पशुओं को तस्करी कर बाहरी राज्य में लेकर जाने का भंडाफोड़ किया है। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक ट्रक में ठूंस-ठूंस कर भरे छह बैल भी बरामद किए हैं जिन्हें बाद में गौशाला भेज दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी इन पशुओं की तस्करी कर बाहरी राज्य को लेकर जाने की फिराक में थे लेकिन ऐन मौके पर उन्हें दबोच लिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब छह बजे दस टायरों वाला एक ट्राला कालाअंब की तरफ से आया जिसे नाके पर तैनात पुलिस टीम ने जय अंब कंटेनर फैक्ट्री के पास रुकवा दिया। एक पुलिस कर्मचारी ट्रक की तलाशी लेने के लिए डाला पर चढ़ रहा था कि अंधेरे का फायदा उठाकर चालक फरार हो गया लेकिन पुलिस ने कंडक्टर को काबू कर दिया।
पुलिस के मुताबिक ट्रक की बॉडी में अगली तरफ एक कैबिन बनाया गया है। ट्रक को तिरपाल से ढका गया था। जब ट्रक के टूल व छत पर चढ़कर देखा तो ट्रक में बने कैबिन में छह बैल ठूंस-ठूंस कर भरे गए थे। ट्रक में बंधे होने के कारण बैल तड़प रहे थे। लिहाजा, दोनों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार ट्रक में इस तरह से ठूंस -ठूंस कर बैलों को बांधकर रखना पशु क्रूरता और पशु तस्करी के दायरे में आता है। लिहाजा, पुलिस ने मामला दर्ज किया है। एसपी रोहित मालपानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम मामले की छानबीन कर रही है।
बॉक्स के लिए---
तीन साल से फरार उद्घोषित अपराधी दबोचा
नाहन (सिरमौर)। पशु तस्करी के मामले में तीन वर्ष से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की पीओ सेल ने परमजीत सिंह निवासी राजपुरा (पंजाब) को गिरफ्तार किया है। एसपी रोहित मालपानी ने बताया कि परमजीत के खिलाफ 19 सितंबर 2014 में पशु तस्करी का मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद वह अदालत में पेश नहीं हो रहा था। लिहाजा उसे उद्घोषित अपराधी करार दिया गया। गत दिवस पीओ सेल की टीम ने उसे दबोच लिया। उसे अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।