कालाअंब (सिरमौर)। कालाअंब-नाहन राष्ट्रीय उच्च मार्ग-7 पर मोगीनंद में सलानी पुल के समीप एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। हादसा दोपहर करीब दो बजे हुआ।
जानकारी अनुसार नाहन निवासी विनय सैनी परिवार सहित अपनी कार से सढौरा से वापस नाहन लौट रहे थे। मोगीनंद के साथ लगते सलानी पुल के पास बरसाती नाले पर बनी पुलिया पर सामने से आ रहे एक वाहन से बचाव करते कार अनियंत्रित होकर लगभग 20-25 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक विनय सैनी के अलावा उनकी पत्नी व मां को हल्की चोटें आईं हैं। जबकि तीनों बच्चे सकुशल हैं। विनय सैनी ने बताया कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन से बचाव करते समय कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद वह परिवार सहित एक निजी वाहन से नाहन मेडिकल कॉलेज चिकित्सा के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। उधर, कालाअंब पुलिस ने हादसे की सूचना मिलते ही मौके का मुआयना किया। साथ ही मामले की छानबीन भी शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने की है।