अमर उजाला ब्यूरो
कालाअंब (सिरमौर)।
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में मोबाइल स्नैचिंग करने वाले गिरोह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन तेज कर दी है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की शिनाख्त पर पुलिस ने 11 मोबाइल बरामद किए हैं। जबकि अभी और मोबाइल भी बरामद हो सकते हैं। जिन लोगों के मोबाइल पिछले एक दो सप्ताह में छीने गए हैं, वह कालाअंब थाना में अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
गौरतलब है कि वीरवार को अंतरराज्यीय मोबाइल स्नैचिंग गिरोह के तीन सदस्य कालाअंब पुलिस के हत्थे चढ़े थे। यह काफी समय से पुलिस के राडार पर थे। कालाअंब थाना प्रभारी संजय कुमार व उनकी टीम ने उन्हें दबोचा। उनकी गिरफ्तारी के बाद चौथे आरोपी दुकानदार को भी अंबाला से दबोचा गया। अदालत से चारों आरोपियों को पांच दिन के रिमांड पर भेजा गया है।
पूछताछ के दौरान शुक्रवार को पुलिस ने छह और मोबाइल बरामद किए हैं। जबकि पांच मोबाइल सेट तीनों आरोपियों से पहले ही बरामद किए गए थे। शनिवार को भी कालाअंब पुलिस की टीम आरोपियों की निशानदेही पर मोबाइल सेट बरामद करने के लिए हरियाणा में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी।
उधर, एसपी सिरमौर रोहित मालपानी ने बताया कि कालाअंब पुलिस की एक टीम को हरियाणा में मोबाइल बरामदगी के लिए भेजा गया है। इस मामले में और मोबाइल बरामद होने की भी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के मोबाइल दो-तीन सप्ताह पहले छीने गए हैं वह कालाअंब थाना में अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।