पांवटा साहिब(सिरमौर)। एसडीएम पांवटा कार्यालय कोर्ट परिसर में शुक्रवार को ऋण वसूली अदालत आयोजित हुई। इस दौरान हिमाचल प्रदेश सहकारी बैंकों की विभिन्न शाखाओं के करीब 131 ऋण वसूली केस की सुनवाई की गई। सुनवाई के दौरान 5 व्यक्तियों की कुर्की के आदेश जारी किए गए। ऋण मामले में ही 10 सरकारी कर्मचारी गारंटरों की सैलरी अटैच्ड करने के आदेश भी दिए गए। इस मौके पर लगभग 20 लाख की ऋण राशि वसूली की गई।
कॉलेक्टर रिकवरी(बैंक) डीआर बाग्टा द्वारा एसडीएम कोर्ट कार्यालय पांवटा में ऋण वसूली की अदालत में हिमाचल प्रदेश सहकारी बैंक की शाखा सतौन, बद्रीनगर, सालवाला, पुरुवाला, धौलाकुआं व पांवटा के करीब 131 ऋण मामलों की ऋण वसूली की सुनवाई की गई।
इस अवसर पर शिमला से पहुंची टीम में सहायक प्रबंधक कुंदन सिंह, रोशन लाल, अतुल कुमार, पांवटा शाखा के प्रबंधक रघुवीर सिंह चौहान, रामभज चौहान, बद्रीपुर शाखा प्रबंधक लाजेंद्र तोमर, सतौन शाखा प्रबंधक योगेश गुप्ता, सालावाला शाखा प्रबंधक अजय गोयल, शाखा प्रबंधक धौलाकुआं वीना कुमारी समेत सहकारी बैंक शाखाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।