पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा क्षेत्र की एक युवती के साथ शादी करने का झांसा देकर युवक ने दुराचार किया। युवती को घर में अकेला पाकर आरोपी ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। युवती ने विरोध किया तो युवक ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद युवक उसे अपने घर ले गया, जहां आरोपी के परिजनों ने युवती को कमरे में बंधक बनाकर रखा। यहां उसने और उसके परिजनों ने युवती के साथ मारपीट की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पांवटा उपमंडल क्षेत्र निवासी पीड़ित युवती ने थाने में शिकायत दर्ज करवा दी है। इसमें कहा है कि विगत दो मार्च को घर में वह अकेली थी। सभी परिवार वाले किसी रिश्तेदारी में गए थे। घर में अकेली होने का फायदा उठाकर एक युवक निवासी घुतनपुर उसके कमरे में आ गया और उसके साथ शादी करने की बात करने लगा। उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुराचार किया। इस दौरान विरोध किया तो युवक ने उसके साथ मारपीट भी की और जान से मारने की धमकी दी। बाद में वह उसे अपने घर ले आया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी के परिजनों ने उसे कमरे में बंद कर दिया और मारपीट की। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि पीड़िता की शिकायत पर घुतनपुर निवासी आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।