अमर उजाला ब्यूरो
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में सोमवार सुबह एक ट्रैक्टर के नीचे कुचल जाने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब आठ बजे पेश आया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सिरमौर में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। आए दिन हो रहे सड़क हादसों में लोगों का अपनी जान से हाथ धोना पड़ रहा है। नाहन-पांवटा और नाहन-कालाअंब सड़क मार्ग पर सड़क हादसों का ग्राफ सबसे अधिक है। ताजा घटनाक्रम में कालाअंब में एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क मार्ग पर सोमवार सुबह करीब आठ बजे एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गया। इसी बीच पैदल चल रहा एक व्यक्ति ट्रैक्टर की चपेट में आ गया तथा उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सुबह 8 बजे के आसपास पेश आया है।
मृतक की पहचान कुलदीप श्रीवास्तव, निवासी लबदिया नवाजपुर, जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर के ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा पेश आया। उधर, कालाअंब थाना के एसएचओ योगेंद्र सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तकनीकी जांच के बाद ही हादसे के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाला पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है।
--औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में हुआ हादसा
--पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी
---------------