पांवटा साहिब (सिरमौर)। वीरवार सुबह पांवटा के जामनीवाला में ट्रैक्टर के नीचे दबने से युवक की दर्दनाक मौत हो गई। चढ़ाई में अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। ब्रेक लगाने पर यह पलट गया। इससे 29 वर्षीय युवक उसके नीचे आ गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार वीरवार सुबह बाईकुआं निवासी जसविंद्र सिंह (29) पुत्र गुलजारी लाल जामनीवाला के समीप ट्रैक्टर लेकर पहुंचे। चढ़ाई में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पीछे की ओर आ गया। चालक ने ब्रेक लगाई तो वह सड़क पर ही पलट गया। इससे जसविंद्र सिंह ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंच कर घायल को किसी तरह बाहर निकाला और108 एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया। लेकिन, तब तक देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।