पांच दिन बाद भी विश्रामगृह के समीप गिरा पेड़ नहीं हटाया
उत्तराखंड की तरफ से आ रहे श्रद्धालुओं को हो रही दिक्कतें
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
लोक निर्माण विभाग के पांवटा विश्रामगृह के समीप गिरे पेड़ को नहीं हटाया जा रहा है। सफेदे का पेड़ गिरने से विश्राम गृह की दीवार को भी क्षति पहुंची थी। इसके बाद से उत्तराखंड से गुरुद्वारा साहिब को आने वाली श्रद्धालुओं की बसों का संपर्क मार्ग से आवागमन बंद हो गया है। केवल छोटे वाहन या दोपहिया वाहन ही इस स्थल से गुजर पा रहे हैं।
बता दें कि शुक्रवार को आंधी आने से पांवटा के लोनिवि विश्राम गृह परिसर में लगा सफेदे का पेड़ उखड़ कर गिर गया था। पेड़ गिर कर साथ लगते रामलीला मैदान मंच की छत पर गिरा। पेड़ गिरने से लोनिवि के विश्रामगृह की बाउंडरीवाल को भी क्षति पहुंची थी। इस पेड़ के गिरने के बाद से उत्तराखंड बैरियर की तरफ से वाया कन्या स्कूल विश्रामगृह होकर गुरुद्वारा साहिब की तरफ जाने वाले मार्ग पर श्रद्धालुओं की बसों का आवागमन बंद हो गया है। 5 दिनों से एक पेड़ को विभाग नहीं हटा सका है।
पांवटा निवासी मीत सिंह ठाकुर, पंकज भटनागर, मनीष व देवराज ने बताया कि शुक्रवार को आंधी से पेड़ गिरा है जो मंगलवार तक नहीं हटाया गया। स्थानीय लोगों ने लोनिवि से शीघ्र पेड़ हटाने का आग्रह किया है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता अजय शर्मा ने बताया कि जल्द पेड़ हटाया जाएगा।
------------
सुरेश तोमर
...