अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
पांवटा के हीरपुर निवासी 37 वर्षीय युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। नशे की लत लगने के कारण युवक घर में अकसर झगड़ा करता था। कुछ माह पहले ही युवक का विवाह हुआ था। घर में कलह रहने पर पत्नी घर छोड़ कर चली गई। इसके बाद से युवक तनाव में रहकर नशा करने लगा। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
पांवटा के हीरपुर निवासी दीपक कुमार (37) पुत्र रमेश चंद को नशे की काफी आदत हो गई थी जिसके चलते परिवार में भी खूब कलह रहने लगा। युवक के पिता बिजली बोर्ड के पूर्व कर्मचारी रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि दीपक का 4 माह पहले विवाह हुआ था लेकिन नशे की आदत के चलते बीवी घर छोड़ कर चली गई।
इसके बाद दीपक टेंशन में रहकर और ज्यादा नशा करने लगा। यहां तक कि वह घर में अपनी मां के साथ भी झगड़ने लगा। वीरवार को युवक ने अचानक कोई जहरीली दवा खा ली। गंभीर हालत में उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा कि शुरूआती जांच में पता चला है कि दीपक (37) काफी नशा करने लगा था। युवक ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजन गंभीर हालत में अस्पताल ले गए, जहां पर युवक ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
----युवक ने जहर खाकर दी जान
नशे की लत लगने पर युवक घर में अकसर करता था झगड़ा
कुछ माह पहले हुआ था विवाह, घर छोड़ चली गई थी पत्नी
पुलिस टीम ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया