जसूर (कांगड़ा)। नूरपुर थाना की बदुई पंचायत में नकली पुलिस वाले बन कर लोगों पर रौब जमाने और डराने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार एक गाड़ी में सवार चार लड़के गांव में आकर खुद को पुलिस वाला बता रहे थे। इनमें से एक लड़के ने पूर्व प्रधान से हाथापाई शुरू कर दी। इतने में गांव के लोग एकत्र हो गए और उन्हें पकड़ने लगे। इस दौरान दो लड़के गांववासियों के चंगुल से भाग निकले, जबकि दो अन्य को लोगों ने पकड़ लिया। उनकी गाड़ी की तलाशी लेने पर गाड़ी से पंजाब की नंबर प्लेट निकली, लेकिन मौके पर गाड़ी में हिमाचल की नंबर प्लेट लगी। इनमें से एक लड़के की तलाशी के दौरान नुकीला हथियार भी निकला। स्थानीय निवासी कमल और मुकेश ने बताया कि गाड़ी सवार लड़के पूर्व प्रधान के साथ हाथापाई कर रहे थे और गांववालों की जेबों से रुपये निकालने लगे। लोगों ने नूरपुर पुलिस को इसकी सूचना दी। थाना प्रभारी संदीप शर्मा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी लड़के नकली पुलिस वाले बनकर गांव वालों के साथ हाथापाई कर रहे थे । गांववासियों की ओर से पकड़े दोनों लड़कों को पुलिस हिरासत में लेकर नूरपुर थाना ले गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।