पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिंघपुरा पुलिस चौकी के तहत पड़ने वाले मेहरुवाला गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और जान से मारने की धमकियां देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने क्रॉस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेहरुवाला निवासी जावेद अली पुत्र कामिल ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है जिसमें उसने कहा कि महबूब, अजहर, इस्लाख व शबाना पत्नी इस्लाख निवासी मंडोली आबिद कलानौर यमुनागर हरियाणा इनके रिश्तेदार हैं। यह सभी शुक्रवार को इसके घर पहुंचे। यहां उन्होंने शिकायतकर्ता के माता-पिता रजिया और कामिल के साथ गालीगलौच और मारपीट की।
इसके बाद जान से मारने की धमकी भी दी। पड़ोसी हारुन और इलियास ने बीच बचाव किया। सिंघपुरा चौकी पुलिस ने शिकायत मिलने पर आईपीसी की धारा-451, 323, 504, 506 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मुख्य आरक्षी रविंद्र सिंह की टीम मामले की तफ्तीश कर रही है।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से शिकायतकर्ता हरियाणा के यमुनानगर के ग्राम मंडोली निवासी अजहर महबूब (27) ने शिकायत दर्ज करवाई है जिसमें कहा है कि वह दो भाई और दो बहनें है। सबसे बड़ी बहन वसीमा (25) का विवाह वर्ष 2017 में जावेद अली पुत्र कामिल अली निवासी गांव मेहरुवाला के साथ करवाया था। बहन के पास एक लड़का मोहम्मद आहील (3)पैदा हुआ। कुछ दिन पहले इसकी बहन वसीमा ने फोन पर बतलाया कि जावेद अली ने कोई दूसरी औरत रखी है।
इसके बारे में बात करने के लिये अपने पिता मेहबूब, चाचा इस्लाख व चाची शबाना के साथ शुक्रवार को अपने जीजा जावेद अली के घर गांव मेहरुवाला आया। वह सभी जब जावेद अली के आंगन में पहुंचे, तभी वहां पर जावेद अली, उसका भाई सलमान, मुनव्वर व चाचा आमील उनके साथ गालीगलौच करने लगे। इसके बाद बहन वसीमा भी इनके घर जाने लगी। जैसे ही वह बाहर आने लगे तो जावेद अली, सलमान, मुनव्वर और आमील ने रास्ता रोककर इनके साथ डंडों और लात मुक्कों से मारपीट करनी शुरू कर दी।
शिकायत मिलने पर सिंघपुरा थाना में आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा-341, 323, 504 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरक्षी सतप्रकाश की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी पांवटा वीर बहादुर ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है।