पांवटा साहिब (सिरमौर)। जांच के दौरान करियाना, स्टेशनरी, मनियारी व सरिया से लदे वाहनों व कम दस्तावेज पाए जाने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई। टीम ने टैक्स चोरी करने वाले करीब डेढ़ दर्जन वाहनों से करीब 55 हजार जुर्माना राशि वसूली है।
आबकारी कराधान विभाग पांवटा के निरीक्षक दीपक सत्ती, रतन लाल व राजीव समेत टीम सदस्यों ने वीरवार को धौलाकुआं से निरीक्षण शुरू किया। इस दौरान पांवटा से रामपुरघाट मार्ग पर नाका लगाया गया। माल भर कर जा रहे ट्रकों, ट्रैक्टरों समेत वाहनों के दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी। टीम ने करीब डेढ़ दर्जन वाहनों के दस्तावेज अधूरे पाए। ऐसे वाहन संचालकों से जुर्माना राशि वसूली गई।
ईटीओ पांवटा युवराज वर्मा ने पुष्टि कर कहा कि 55 हजार जुर्माना राशि वसूली गई। औचक निरीक्षण कार्य भविष्य में भी जारी रहेगा ताकि ओवर लोडिंग व तय नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसा जा सके।