जंग प्रीमियर लीग टी-10 प्रतियोगिता के दौरान गुड लेंथ बॉल पर आकर्षक शॉ़ट खेलता बल्लेबाज: संवाद
एनएसयूआई ने टौंरु को हराया, राकेश ने नाबाद 68 रन बनाए
प्रथम जंग प्रीमियर लीग टी-10 क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब(सिरमौर)। नगर परिषद खेल मैदान में चल रही प्रथम जंग प्रीमियर लीग टी-10 डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को मैच खेले गए। तीसरे दिन पांवटा वाॅरियर्स ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में 6 रनों से जीत दर्ज की है। वहीं, एक अन्य मैच में एनएसयूआई पांवटा की टीम ने टौंरु को हरा कर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश प्राप्त कर लिया है। मैन ऑफ द मैच रही राकेश ने ताबड़तोड़ नाबाद 68 रनों की पारी खेल कर अपनी टीम को जीत दिलवा दी। जंग प्रीमियर लीग प्रतियोगिता के संयोजक अरिकेश जंग और मोहब्बत अली ने बताया कि रविवार को हुए मैच में पांवटा वारियर्स टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दस ओवर में 118 रनों का स्कोर किया। इसमें मन्नी ने सर्वाधिक 54 और विवेक ने 18 रनों की पारी खेली। जवाब में डांडा की टीम ने काफी संघर्ष किया, लेकिन टीम 112 रन ही बना सकी। इसमें तरुण ने शानदार 52 और सिद्धार्थ ने 31 रनों की पारी खेली।
पांवटा वॉरियर्स की तरफ से मोहसीन ने दो विकेट लिए। एक अन्य मैच में टौंरु की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित दस ओवर में 114 रनों का स्कोर किया। एनएसयूआई पांवटा टीम ने 8 ओवर में ही तीन विकेट गंवा कर 115 रनों का लक्ष्य पूरा कर लिया। इसमें आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए राकेश ने नाबाद 68 रन, कार्तिक और निखिलेश ने 11-11 रनों की पारी खेली। पांवटा वाॅरियर्स तथा एनएसयूआई की टीम ने जीत दर्ज कर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश कर लिया है।
संवाद