नाहन (सिरमौर)। उपमंडल नाहन में दिवाली पर बिकने वाले पटाखों और आतिशबाजी के विक्रय के लिए स्थान निर्धारित कर दिया गया है। उपमंडल दंडाधिकारी नाहन रजनीश कुमार ने बताया कि नाहन चौगान के अतिरिक्त शहर के किसी भी अन्य स्थान पर पटाखों की बिक्री नहीं होगी।
नाहन के चौगान मैदान, ददाहू में सतीबाग, कालाअंब में मार्कंडेय नदी किनारे तथा जमटा में मेला मैदान जमटा में ही पटाखे बेचे जाएंगे। इसके लिए लाइसेंस धारक ही प्राधिकृत किए गए हैं। जो पटाखों को सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक विक्रय कर सकेंगे। आतिशबाजी विक्रय करने के लिए एसडीएम कार्यालय नाहन, तहसीलदार और नायब तहसीलदार ददाहू से लाइसेंस प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नाहन के चौगान मैदान में 12 नवंबर से 14 नवंबर तक रात्रि के समय लाइटों को चालू रखा जाएगा।
पटाखा विक्रेता ज्वलनशील पदार्थों जैसे मोमबत्ती, माचिस आदि का प्रयोग करते पाया गया तो उसका लाइसेंस तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिया जाएगा। एसडीएम ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से हर दुकानदार को पटाखे की दुकान के साथ एक रेत की बाल्टी तथा 100 लीटर पानी की व्यवस्था करनी होगी। उन्होंने कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद नाहन को निर्देश दिए कि वह आम जनता को बैनरों के माध्यम से रॉकेट के इस्तेमाल न करने के बारे में जागरूक करें। इसके अतिरिक्त इस अवधि के दौरान चौगान मैदान में किसी प्रकार के वाहन को लेकर जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
इसके अतिरिक्त उन्होंने सहायक आयुक्त, आबकारी एवं कराधान, नाहन को निर्देश दिए कि वह विक्रेता के आतिशबाजी से संबंधित बिल वाउचर आदि का निरीक्षण करना सुनिश्चित करें ताकि उपभोक्ताओं को आतिशबाजी उचित दाम पर उपलब्ध हो सके।