करंट लगने से 19 वर्षीय युवक की मौत
पर माता-पिता को 15.70 लाख मुआवजा
- साल 2021 को संगड़ाह में लाइन मरम्मत के दौरान हादसा, ठेकेदार के तहत कर रहा था काम, बिजली बोर्ड की दलील खारिज
- कोर्ट से प्रतिवादियों को एक माह में भुगतान के आदेश, देरी पर 14 प्रतिशत पेनल ब्याज लागू
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से 19 वर्षीय युवक की मौत के मामले में कर्मचारी मुआवजा आयुक्त न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने मृतक के माता-पिता को 15,70,909 रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। साथ ही, दुर्घटना की तिथि से राशि के वास्तविक जमा होने तक 10 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी देय होगा। यह मुआवजा राशि राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड, सचिव, वरिष्ठ कार्यकारी अभियंता, नाहन और संत राम (ठेकेदार) को संयुक्त रूप से भुगतान करनी होगी।
यह मामला साल 2021 को संगड़ाह क्षेत्र का है। तहसील नाहन निवासी रत्तन कुमार 26 दिसंबर को संगड़ाह क्षेत्र में एलटी लाइन की मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान उसका हाथ पास से गुजर रही एचटी लाइन से छू गया और उसे जोरदार करंट लगा। साथी मजदूरों ने उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अदालत में पेश साक्ष्यों के अनुसार रत्तन कुमार ठेकेदार के अधीन बेलदार के रूप में काम कर रहा था और उसे प्रतिदिन 400 रुपये मजदूरी व 50 रुपये भत्ता मिलता था।
यह भी साबित हुआ कि घटना ड्यूटी के दौरान हुई। बिजली बोर्ड ने खुद को जिम्मेदारी से अलग बताते हुए कहा कि मृतक उनका कर्मचारी नहीं था और बिना अनुमति लाइन पर चढ़ा था। हालांकि, कोर्ट ने इन दलीलों को खारिज करते हुए कहा कि कार्य ठेकेदार के माध्यम से किया जा रहा था, इसलिए जिम्मेदारी बनती है।
आयुक्त उपासना शर्मा ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि मृतक की मृत्यु नौकरी के दौरान हुई। नियोक्ता-कर्मचारी संबंध सिद्ध हुआ। साथ ही लापरवाही का ठोस प्रमाण नहीं मिला। अदालत ने निर्देश दिए हैं कि एक माह के भीतर मुआवजा राशि जमा की जाए। देरी होने पर 14 प्रतिशत की दर से पेनल ब्याज देना होगा। राशि को माता-पिता के नाम एफडी में जमा किया जाएगा।
संवाद