नाहन। जिला अदालत ने दो अलग-अलग मामलों में आवेदकों को बड़ी राहत देते हुए 5,08,69,585 रुपये मुआवजा राशि जारी करने के आदेश दिए हैं। यह मामले वर्ष 2024 में दायर संदर्भ याचिकाओं से जुड़े हैं।
मामले की सुनवाई के दौरान आवेदकों की ओर से अदालत को बताया गया कि संबंधित मुआवजा राशि पहले ही अदालत में जमा करवाई जा चुकी है और इन फैसलों के खिलाफ किसी भी पक्ष ने अपील दायर नहीं की है। वहीं, प्रतिवादियों की ओर से भी इन आवेदनों पर कोई आपत्ति नहीं जताई गई। अदालत ने कोर्ट नाजिर की रिपोर्ट मंगवाई। इसमें बताया गया कि मोहन सिंह बनाम भूमि अधिग्रहण कलेक्टर और अन्य मामले में 2,71,46,055 रुपये और मणि राम बनाम रेणुका जी बांध परियोजना परियोजना और अन्य मामले में 2,37,23,530 रुपये की राशि अभी तक वितरित नहीं की गई है। सभी पक्षों को सुनने के बाद अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने आदेश दिया कि आवेदकों के हिस्से की मुआवजा राशि, ब्याज सहित, निर्धारित हिस्सेदारी के अनुसार बैंक ट्रांसफर के माध्यम से जारी की जाए।