सेवानिवृत्त रेंज अधिकारी से ढाई
लाख रुपये की वसूली का आदेश
- साल 2021 में संगड़ाह क्षेत्र का मामला, कोर्ट से 9 प्रतिशत ब्याज सहित रकम लौटाने के भी आदेश
- वादी से प्रतिवादी ने मकान निर्माण के लिए उधार ली थी रकम
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। सीनियर सिविल अदालत ने ढाई लाख रुपये के लेनदेन से जुड़े एक मामले में वादी के पक्ष में फैसला सुनाया है। अदालत ने प्रतिवादी बस्ती राम को 2,50,000 रुपये की मूल राशि के साथ 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित भुगतान करने का आदेश दिया है। प्रतिवादी वन विभाग से बतौर रेंज अधिकारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
तहसील संगड़ाह निवासी गुमान सिंह ने अदालत में दायर याचिका में बताया कि जून 2021 में उसके परिचित बस्ती राम ने मकान निर्माण के लिए उससे 2.50 लाख रुपये उधार लिए थे। तय समय सीमा के भीतर राशि वापस न करने पर प्रतिवादी ने दिसंबर 2021 में एक चेक दिया, जो बैंक में प्रस्तुत करने पर अपर्याप्त धनराशि के कारण बाउंस हो गया। वादी ने बताया कि कानूनी नोटिस भेजने के बावजूद भी भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद उसने अदालत का रुख किया।
वहीं, प्रतिवादी ने बचाव में दावा किया कि उसने कोई ऋण नहीं लिया और उसका चेक गुम हो गया था, जिसका दुरुपयोग किया गया। सुनवाई के दौरान सीनियर सिविल जज उपासना शर्मा ने कहा कि चेक का जारी होना और उस पर हस्ताक्षर होना यह दर्शाता है कि यह किसी वैध देनदारी के निपटान के लिए दिया गया था। वहीं, चेक गुम होने के दावे को साबित करने के लिए कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया। अदालत ने वादी के दावे को सही मानते हुए मुकदमा डिक्री कर दिया। साथ ही, वादी को प्रतिवादी से 2.50 लाख की राशि 9 प्रति वर्ष की दर से ब्याज सहित वसूल करने का अधिकार दिया है।
संवाद