लापरवाही से वाहन चलाने पर दोषी
को कोर्ट उठने तक की सुनाई सजा
- 2 मार्च 2015 को पांवटा साहिब थाना का मामला, सड़क दुर्घटना में दंपती को आई थी चोटें
- न्यायिक मजिस्ट्रेट विकास गुप्ता ने दोषी पर 2,000 का जुर्माना भी लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन।
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विकास गुप्ता की अदालत ने लापरवाही से वाहन चलाने पर एक दोषी को न्यायालय उठने तक की सजा सुनाई गई। प्रत्येक के लिए 500 रुपये अर्थदंड लगाया गया। इसके अलावा एमवी एक्ट के तहत 1,000 रुपये का जुर्माना अदा करने का आदेश दिया है।
यह मामला 2 मार्च 2015 को पांवटा साहिब थाना में पंजीकृत है। पुलिस के मुताबिक शमशेरपुर के पास सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन चलाते हुए आरोपी अभिमन्यु ने एक कार को टक्कर मारी। इस घटना में कार में सवार दंपती घायल हो गए थे। शिकायत पर पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर कार्रवाई की थी। विवेचना के बाद आरोप पत्र न्यायालय में भेजा गया। सुनवाई के दौरान अदालत ने साक्ष्यों व गवाहों के बयानों का विस्तृत परीक्षण किया। अदालत में पाया गया कि घटनास्थल पर मोटरसाइकिल पर कोई नंबर प्लेट नहीं है। साथ ही, मोटरसाइकिल खरीदने के चार महीने के बावजूद वाहन की आरसी प्राप्त नहीं की थी। इसी आधार पर अदालत ने आरोपी को आईपीसी की धारा 279 और 337 (लापरवाही व चोट पहुंचाने) और एमवी एक्ट की धारा 196 (बिना बीमा वाहन चलाना) के तहत अपराध का दोषी ठहराया। इसके अलावा एमवी एक्ट की धारा 185 के (शराब पीकर वाहन चलाना) तहत दंडनीय अपराध के आरोप से बरी किया है।