एनडीपीएस मामले में जमानत मंजूर, जेल से रिहाई के आदेश
नाहन।
एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में दोषी करार दिए गए संजय कुमार को हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद अब ट्रायल कोर्ट ने उनकी जमानत प्रक्रिया पूरी करते हुए रिहाई का आदेश जारी कर दिया है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश कपिल शर्मा की अदालत ने जमानत बांड स्वीकार करते हुए जेल अधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
साल 2018 के एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में आरोपी पांवटा साहिब निवासी संजय कुमार सेंट्रल जेल नाहन में न्यायिक हिरासत में है। उसने हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में जमानत बांड प्रस्तुत करने के लिए आवेदन दायर किया था। इससे पहले प्रदेश हाईकोर्ट ने निचली अदालत की ओर से 5 जनवरी 2026 को सुनाई गई सजा को अपील लंबित रहने तक निलंबित कर दिया था। अब सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि जमानती सक्षम है और सभी शर्तों का पालन किया गया है। अदालत ने जेल अधीक्षक को आदेश दिया है कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आरोपी को रिहा किया जाए। बशर्ते वह किसी अन्य मामले में वांछित न हो।