मां की मौत पर दो बेटियों और दो बेटों को मिलेगा 49.48 लाख का मुआवजा
एमएसीटी न्यायाधीश कपिल शर्मा का फैसला, पांवटा साहिब में ट्रैक्टर की टक्कर से जोगिंद्र कौर की हुई थी मौत
परिजनों ने उचित मुआवजे के लिए एमएसीटी में लगाई थी गुहार, बीमा कंपनी को भुगतान करने का आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत पर मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (एमएसीटी) ने उनकी दो बेटियों और दो बेटों को 49,48,000 रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। यह राशि हरियाणा के यमुनानगर स्थित ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (बीमा कंपनी) को भुगतान करनी होगी। साथ ही, याचिका दायर करने की तिथि से 7.5 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी देय होगा।
एमएसीटी कपिल शर्मा की अदालत ने यह फैसला सुनाया है। यह मामला 4 जनवरी 2019 को पांवटा साहिब थाना में दर्ज है। एचपीएसईबी में कार्यरत जोगिंद्र कौर ऑटो रिक्शा से पांवटा साहिब लौट रही थी। निहालगढ़ स्थित एक फैक्ट्री के पास पीछे से आ रहे उत्तर प्रदेश नंबर के ट्रैक्टर ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी।
इस घटना में जोगिंद्र कौर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान पुलिस ने चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच की थी। साथ ही मृतका के बेटे-बेटियों ने उचित मुआवजे के लिए एमएसीटी में गुहार लगाई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण अंदरूनी चोटें और अत्यधिक रक्तस्राव बताया गया।
सुनवाई के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि दुर्घटना के समय वाहन बीमित था और चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी मौजूद था। न्यायाधिकरण ने बीमा कंपनी को क्षतिपूर्ति देने का निर्देश देते हुए मुआवजा राशि जमा कराने का आदेश दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अदालत ने कहा कि पति की मौत के बाद जोगिंद्र कौर परिवार के एकमात्र कमाने वाली सदस्य थी। उनकी मौत से उनके चार बच्चों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। न्यायाधिकरण ने आदेश दिया है कि मुआवजे की राशि मृतक के सभी पुत्रों और पुत्रियों के बीच समान अनुपात में विभाजित की जाएगी।