सिरमौर हिमाचल प्रदेश के नौहराधार में कोरोना यौद्धा को कोविशील्ड का टीका लगाते स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कोविशील्ड का टीका लगने का अभियान जारी है। यह अभियान धीरे-धीरे गति पकड़ने लगा है। शुरूआती दिनों में सुस्त रफ्तार के बाद शुक्रवार, 22 जनवरी को 70 फीसदी कोरोना योद्धाओं ने यह टीका लगवाया। जिले में शुक्रवार को 571 लोगों को कोविशील्ड के टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया था। छह स्थानों पर चले टीकाकरण अभियान में 401 लोगों ने यह टीका लगवाया। जबकि इससे एक दिन पूर्व वीरवार को केवल 50 फीसदी कोरोना योद्धाओं ने ही यह टीका लगवाया था। जबकि शुक्रवार को 20 फीसदी ज्यादा लोगों ने यह टीका लगाने में दिलचस्पी दिखाई।
सिरमौर जिला में शुक्रवार को छह स्थानों पर टीकाकरण अभियान चलाया गया। डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन, पीएचसी सुरला, पीएचसी नारग, सीएचसी नौहराधार, सीएचसी शिलाई और पीएचसी कुंडियों में फ्रंट लाइन वर्करों को टीके लगे। इन छह स्थानों पर कुल 571 लोगों को टीका लगाने के लिए एसएमएस भेजे गए थे। कोविन साफ्टवेयर से भेजे गए मैसेज के बाद इनमें से 401 लोग टीका लगाने पहुंचे।
मेडिकल कॉलेज नाहन में 100 लोगों को मैसेज भेजे गए थे। इनमें से सिर्फ 60 लोगों को ही कोविशील्ड का टीका लगा। सुरला में 34 में से 22 और नारग में 129 में से 92 लोग टीका लगाने पहुंचे। वहीं नौहराधार में 108 में से 79, शिलाई में 100 में से 69, कुंड़ियों में 100 में से 79 लोगों ने यह टीका लगाया। सभी को कोरोना वैक्सीनेशन अभियान के तहत बनाए गई गाइड लाइन के अनुसार टीका लगा। टीका लगाने के बाद सभी को आधा घंटे तक चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया। इसके बाद सभी घर लौट गए।
सीएमओ डॉ. केके पराशर ने बताया कि जिले में चरणबद्ध तरीके से यह अभियान चलाया जा रहा है। उनके अनुसार धीरे-धीरे टीका लगाने के लिए पहुंचने वाले लोगों की संख्या बढ़ रही है। इसका कोई गलत प्रभाव नहीं है। उन्होंने स्वयं भी एक दिन पूर्व यह टीका लगवाया है। वह बिल्कुल ठीक हैं। टीका लगाने के बाद वह रोज की तरह कार्यालय का काम कर रहे हैं।
-------------