पांवटा साहिब (सिरमौर)। चंडीगढ़-देहरादून एनएच 07 पर मिश्रवाला के समीप दर्दनाक दर्दनाक हादसा पेश आया है जिसमें एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने राहगीर को टक्कर मार दी। हादसे में 60 वर्षीय व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक, अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। माजरा थाना पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नूर हसन (60) पुत्र मासुम अली निवासी मिश्रवाला शनिवार देर रात को पैदल अपने घर जा रहा था। उसी दौरान कोई अज्ञात वाहन आया और व्यक्ति को जोरदार टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। रात को हादसे का शिकार हुआ बुजुर्ग व्यक्ति सड़क पर काफी देर तक पड़ा रहा। अधिक बारिश होने के कारण सड़क पर वह ठीक से नजर भी नहीं आ रहा था, जिस कारण उस व्यक्ति के ऊपर से और भी कई वाहन गुजर गए।
काफी देर बाद आसपास के लोगों ने सड़क पर खून से लथपथ व्यक्ति को देखा। लोगों ने पाया कि एक व्यक्ति को बुरी तरह से कुचला हुआ था। इसके बाद देर रात को उसे सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही माजरा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
पांवटा साहिब के डीएसपी बीर बहादुर ने बताया कि सड़क पर पैदल चल रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में 60 वर्षीय नूर हसन निवासी मिश्रवाला की मौत हो गई हैं। माजरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।