लाना मियूं के सपीम खनागन में दुर्घटनाग्रस्त कार।
- फोटो : NAHAN
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद उपमंडल की ग्राम पंचायत लाना भलटा के गांव लाना मियूं से आईजीएमसी शिमला के लिए रोगी लेकर जा रही कार खनागन मंदिर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को सराहां अस्पताल से मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया है। पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार लाना मियूं से रूटीन चेकअप के लिए परिवार के लोग मरीज को आईजीएमसी शिमला ले जा रहे थे कि वेगनार कार नंबर एचपी 16ए-1722 करीब 400 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा खनागन के समीप हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। देखा कि कार काफी दूर जाकर बान के पेड़ से फंसी हुई है।
सभी ग्रामीण खाई में उतरे और उन्होंने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाल कर सड़क तक पहुंचाया। इसकी जानकारी 108 एंबुलेंस और पुलिस को दी। उसके बाद स्थानीय वाहनों में घायलों को सिविल अस्पताल सराहां पहुंचाने की व्यवस्था की गई। बीच रास्ते तक एंबुलेंस भी पहुंची। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस में शिफ्ट किया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और गंभीर हालत को देखते हुए तीनों को डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया गया।
घायलों की शिनाख्त 57 वर्षीय भीम सिंह गांव लाना मियूं, बलदेव सिंह (36) गांव लाना मियूं व नित्यानंद गांव चनालग(37) के तौर पर हुई है। तीनों लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पच्छाद पुलिस थाना प्रभारी सुभाष कुमार ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। घायलों को मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया है।