नाहन के एसएफडीए में आयोजित शादी समारोह में वैक्सीन लगाने पहुंचीं बीएमओ धगेड़ा डॉ. मोनीषा अग्रवा?
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। दूसरी डोज में 107 फीसदी टीकाकरण का लक्ष्य हासिल कर चुके स्वास्थ्य खंड धगेड़ा में सोमवार को भी अभियान युद्घस्तर पर जारी रहा। नाहन शहर में बीएमओ डॉ. मोनीषा जगह-जगह स्वयं ही दिन-रात टीके लगाकर अभियान को सफल बनाने में जुटी हैं।
सोमवार को जैसे ही बीएमओ को शादी समारोह की भनक लगी तो वह टीम के साथ शहर के एसएफडीए हॉल पहुंचीं। यहां पर भी उन्होंने आधा दर्जन लोगों को दूसरी डोज लगाई। 26 नवंबर को ही बीएमओ धगेड़ा स्वास्थ्य खंड में शत-प्रतिशत टीकाकरण पूरा कर चुकी हैं। 29 नवंबर को यह आंकड़ा 107 फीसदी पहुंच गया।
बीएमओ डॉ. मोनीषा अग्रवाल सुबह ठीक नौ बजे शहर में टीकाकरण के लिए टीम के साथ निकल जाती हैं और रात 9 से 10 बजे तक विभिन्न स्थानों पर टीकाकरण कर घर लौटती हैं। अधिकारी होते हुए भी वह स्वयं ही टीकाकरण कर रही हैं। इस स्वास्थ्य खंड में 120 फीसदी लोगों को पहली डोज लगाई जा चुकी है। बीएमओ डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने बताया कि स्वास्थ्य खंड में टीकाकरण अभियान जारी हैं। शहर में जगह-जगह दूसरी डोज के टीके लगाए जा रहे हैं। सोमवार को एक शादी समारोह में भी टीके लगाए गए।
391715 लोगों को लगी दूसरी डोज
सोमवार को जिले के सभी स्वास्थ्य खंडों में 4495 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। अब तक जिले में 391715 लोगों को दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। जिले में वैक्सीनेशन का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा चुका है। जिलेभर में टीकाकरण अभियान के दौरान अभी तक कुल 828220 लोगों को पहली और दूसरी वैक्सीन लगाई गई है। इनमें 436505 लोगों को पहली डोज लगी है।