नाहन (सिरमौर)। कालाअंब-पांवटा साहिब नेशनल हाइवे पर शुक्रवार सुबह अज्ञात कार की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सोम प्रकाश निवासी गांव जोगीबन, डाकघर शंभूवाला, तहसील नाहन ने इस बारे पुलिस थाना नाहन में शिकायत दर्ज करवाई है। सोमप्रकाश ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे वह और उसका मामा कुलानंद अलग-अलग मोटरसाइकिल पर शम्भूवाला के लिए आ रहे थे। बोहलियों के पास नाहन की ओर से जा रही एक लाल रंग की कार ने इसके मामा के मोटरसाइकिल नंबर एचपी 18बी 2130 को सड़क में टक्कर मार दी।
इस दौरान कुलानंद मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर गया। हादसे के बाद चालक कार को लेकर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल कुलानंद को नाहन मेडिकल कॉलेज लाया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने सोम प्रकाश की शिकायत पर नाहन थाना में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ओमापति जंवाल ने बताया कि फरार कार चालक को जल्द पकड़ लिया जाएगा।