पांवटा साहिब क्षेत्र में पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया पर्व
-निगम की बसों में मुफ्त सफर की सुविधा मिलने पर महिलाओं ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब क्षेत्र में बुधवार को भाई दूज का पर्व पारंपरिक उल्लास और भाई-बहन के अटूट स्नेह के साथ मनाया गया। क्षेत्र के कुछ हिस्सों में यह पर्व मंगलवार को भी मनाया गया, जबकि बुधवार को भी घरों में उत्सव का माहौल रहा। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु, बेहतर स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति स्नेह प्रकट किया।
नीलम ठाकुर, बबीता तोमर, अनुराधा, कनिका, सपना और बिमला ठाकुर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से भाई दूज पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने से परिवारों को त्योहार की रस्में पारंपरिक तरीके से निभाने का अवसर मिला। भाइयों को भी घर पर रहकर बहनों के साथ पर्व मनाने की सुविधा मिली।
रामकिशन शर्मा और सुशील पंडित ने बताया कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को भाई दूज मनाया जाता है। इस दिन बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। इस वर्ष तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त दोपहर 1:10 बजे से 3:20 बजे तक रहा।
स्थानीय निवासी रीनू चौहान, सविता, सरिता तोमर, मोनिका तोमर, कविता, अर्चना, नीलम, अनिता, वर्षा और पूजा ने बताया कि भाई अपनी बहनों के घर पहुंचे, जहां बहनों ने तिलक लगाकर उनका स्वागत किया और भोजन करवाया।
इस बार भाई दूज पर महिलाओं को हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में सूर्योदय से सूर्यास्त तक निशुल्क यात्रा की सुविधा भी मिली। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की घोषणा के तहत प्रदेशभर की माताओं और बहनों को यह सुविधा प्रदान की गई। महिलाओं ने मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने के लिए मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का आभार जताया।