भवन की दीवारों में सीलन और खिड़की-दरवाजे खराब, छत से गिर रहा था प्लास्टर
ग्राम पंचायत ने मुहैया करवाया एक कमरा, अब यहां सुकून से सेवाएं देंगे कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। विकास खंड नाहन के बनेठी में बने राजकीय पशु औषधालय में कर्मचारी अब सुकून से सेवाएं दे सकेंगे। पशु औषधालय को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है। ग्राम पंचायत बनेठी की ओर से औषधालय के लिए पंजाब नेशनल बैंक की बनेठी शाखा के पास बने एक निजी भवन में कमरा मुहैया करवाया गया है। यहां पर पशुओं के उपचार के साथ-साथ उन्हें दवाइयां मुहैया करवाई जाएंगी।
दरअसल, 31 वर्ष पुराने पशु औषधालय बनेठी का भवन जर्जर हालत पहुंच गया है। खिड़कियां और दरवाजे भी जगह-जगह से टूट गए हैं। सीलन आने से भवन की छत और दीवारें भी खराब हो चुकी हैं। बरसात के मौसम में यहां कर्मचारियों को सेवाएं देना जोखिम भरा हो रहा था। एक बार तो यहां पर कर्मचारी बाल-बाल बचा। छत से प्लास्टर गिरा, गनीमत रही कि जहां कर्मचारी बैठा था वहां नहीं गिरा। वहीं भवन में दवाइयां और इंजेक्शन रखना मुश्किल हो गया था।
कर्मचारियों की सुरक्षा और भवन की जर्जर हालत को 21 जुलाई के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इसके बाद पशुपालन विभाग के आग्रह और लोगों की समस्याओं को देखते हुए पंचायत की ओर से औषधालय के लिए निजी भवन में एक कमरा मुहैया करवाया गया है। पंचायत और भवन मालिक की ओर से यह कमरा निशुल्क दिया गया है। उधर, पशु औषधालय भवन निर्माण को लेकर प्राक्कलन तैयार करवाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि पंचायत मुख्यालय के साथ बने इस पशु औषधालय में बनेठी, गौंत, बोहल, बजीवण, छामला, देवसनी, गसानी, धंधोली, लादू, आमटा, कटोरड, डगजार, दोसड़का, सराहां, कनोटी, कांगर घूंड, बोहल-कांगर, बनाह, दधोग आदि गांवों के पशुओं को स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है।
पशुपालन विभाग जिला सिरमौर के सहायक उपनिदेशक डॉ. संदीप ने बताया कि पशु औषधालय बनेठी को निजी भवन में शिफ्ट किया गया है। भवन की हालत खराब होने से वहां पर कर्मचारियों को सेवाएं देना जोखिमभरा हो रहा था। कमरे के लिए पंचायत से आग्रह किया गया था।
उन्होंने बताया कि नए भवन निर्माण के लिए प्रकिया शुरू कर दी गई है। प्राक्कलन तैयार करवाकर उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। बजट का प्रावधान होने भवन निर्माण के लिए आगामी कदम उठाए जाएंगे।
-संवाद
पशु औषधालय बनेठी। संवाद